राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पहली घटना राॅबर्ट्सगंज के लोढ़ी की है। चेरुई पुलिस चौकी क्षेत्र के बघमा गांव निवासी रामप्रसाद गोंड (55) किसी काम से एआरटीओ कार्यालय के पास आया था। सोमवार की दोपहर वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को पार कर रहा था। चोपन की ओर से आ रही अनियंत्रित बस ने उसे कुचल दिया।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक सवारी सहित बस को घटना स्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची लोढ़ी चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया।
दूसरी घटना राॅबर्ट्सगंज के तरावां-बड़कागांव इलाके की है। बताते हैं कि राॅबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर बेकाबू चार पहिया वाहन और ऑटो की टक्कर हो गई। इसमें टेटी माइनर निवासी अज्ञात ऑटो चालक और तरावां गांव निवासी महेंद्र (60), उनकी पत्नी (55), कलावती (45) और उसी गांव के दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से महेंद्र को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ऑटो चालक की स्थिति भी बेहद नाजुक है। परिजनों के न होने के कारण शाम तक उसे वाराणसी नहीं भेजा जा सका था।