म्योरपुर। वन रेंज म्योरपुर के छत्तीसगढ़ सीमा से अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर को भारी-भरकम जुर्माने के साथ बुधवार को छोड़ा गया। इससे पूर्व वन कर्मियों ने डीएफओ स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में छापेमारी कर बालू का अवैध खनन करते हुए एक ट्रैक्टर को रंगे हाथ छत्तीसगढ़ सीमा से पकड़ लिया था। पकड़े गए ट्रैक्टर को विभिन्न धाराओं के तहत सीज कर दिया गया।
कार्यवाही के बाद अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति बन गई। म्योरपुर वन रेंज की छत्तीसगढ़ सीमा पर लगातार अवैध खनन से संबंधित शिकायतें मिल रही थी। इस पर वन क्षेत्राधिकारी शहजादा इस्माइलुद्दीन की अगुवाई वाली टीम में अहिबुढ़वा इलाके से अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर को पकड़कर कार्यालय में खड़ा कराया था। पकड़े गए ट्रैक्टर को वन अपराध की धाराओं में डेढ़ लाख रुपये जमा कराने के बाद बुधवार को छोड़ दिया गया। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन रेंज में वन अपराध करते हुए जिसे भी पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध कार्यों में चाहे वह खनन, कटान या अन्य कार्यों में लिप्त लोगों की खैर नहीं है। इस कार्यवाही के दौरान वन दरोगा शिवकुमार यादव, विजेंद्र सिंह, सर्वेश कुमार व गोविंद आदि वनकर्मी शामिल रहे।