यूपी विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में जनपद की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए गुरुवार से नामांकन शुरू हो गया। लेकिन पहले दिन पर्चा दाखिल करने के लिए केवल एक प्रत्याशी पहंुचा। चुनाव अधिकारी अन्य प्रत्याशियों का इंतजार करते रह गए। हालांकि कलेक्ट्रेट से 30 लोगों ने नामांकन पत्र लिया।
नामांकन के पहले दिन राबर्ट्सगंज से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी चौधरी यशवंत सिंह ने करीब ढाई बजे दो सेट में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। दो बैरियर बनाकर पूरे कलेक्ट्रेट में नाकेबंदी की गई। यहां तक की कलेक्ट्रेट में निर्वाचन कार्यालय के नीचे सीढ़ी के पास के गेट भी ताला बंद कर दिया गया था।
दोपहर बाद कमिश्ननर रंजन कुमार, डीआईजी आरके श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट में स्थापित नामांकन कक्ष का जायजा लिया। डीएम सीबी सिंह और एसपी लल्लन सिंह ने भी चुनाव के लिए गए इंतजाम के बारे में जानकारी दी। इसके पूर्व मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने पालीटेक्निक कालेज लाोढ़ी परिसर के पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम, मतगणना हाल आदि का स्थलीय निरीक्षण किया। विधान सभावार पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, पोलिंग के बाद जमा होने वाली इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन, कन्ट्रोल यूनिट जमा होने वाले स्ट्रांग रूम एवं मतगणना के लिए मतगणना हाल को देखा। 400-घोरावल विस क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर देवेंद्र प्रताप सिंह ने 13 नामांकन पत्र, 401-राबर्ट्सगंज विस के रिटर्निंग आफिसर अशोक सिंह यादव ने 15 पर्चा, 402- ओबरा (अजजा) विस के रिटर्निंग आफिसर प्रेम प्रकाश अंजोर ने दो और 403- दुद्धी (अजजा) के रिटर्निंग अफसर भानु प्रताप ने दो नामांकन पत्र दिया।