कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट में रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के बिजौली के ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि ग्राम सभा की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है, इससे वर्षों से प्रयोग में आ रहा चकरोड बंद हो गया है। रास्ता न होने से 40 परिवारों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के नेतृत्व कर रहे अनिल गिरि ने कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन सौंपा। अनिल गिरि ने बताया कि उनके पिता को 2011 में महामाया आवास योजना के तहत ग्राम सभा भूमि पर आवास स्वीकृत हुआ था, इसमें वे परिवार सहित निवास कर रहे हैं। आवास का निर्माण सरकारी धन से हुआ, लेकिन आज तक भूमि का विधिवत पट्टा नहीं किया गया। अब घर से सटे 8 फीट चौड़े सरकारी चकरोड पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, इससे उनका और अन्य परिवारों का आना जाना मुश्किल हो गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल समेत विभिन्न अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मांग की कि आवासीय भूमि का नियमानुसार पट्टा किया जाए और चकरोड से अवैध कब्जा हटाकर रास्ता तत्काल बहाल कराया जाए। प्रदर्शन में हिंदू समाज पार्टी के प्रवेश पाठक, रोशन कुमार राव, धर्मेंद्र शुक्ला, रोशन कुमार, ममता, पुष्पा, गीता, सोनी, कांति समेत ग्रामीण मौजूद रहे।