डिग्री कालेज के पीछे स्थित खदानों में अनियंत्रित ब्लास्टिंग रहवासियों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। सोमवार की दोपहर ब्लास्टिंग से बिल्ली-मारकुंडी के वार्ड नौ स्थित एक घर की बाउंड्रीवाल धराशायी हो गई। संयोग था कि मौके पर कोई नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी है।
ओबरा में डिग्री कालेज के पीछे बिल्ली-मारकुंडी ग्राम पंचायत में रहवासी बस्ती के पास खनन होता है। ब्लास्टिंग के दौरान अक्सर पत्थर का टुकड़ा लोगों के घरों पर जाकर गिरता है। सोमवार को दोपहर ब्लास्टिंग होने से शंभू शरण श्रीवास्तव की दीवार धराशायी हो गई। दीवार गिरने पर ग्रामीण थाने तहरीर लेकर पहुंच गए। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच किया और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
क्षेत्र के शंभूशरण श्रीवास्तव, दीपक कुमार एवं रजी अहमद का कहना है कि मकानों के समीप अनियंत्रित ब्लास्टिंग से जान का खतरा बना रहता है। बता दें कि इस ब्लास्टिंग को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पूर्व में ओबरा समेत डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंप चुके हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीण खफा हैं। ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग बंद कराने की मांग की है।