राबर्ट्सगंज तहसील का पुनर्गठन कर ओबरा तहसील के गठन करने सहित छह सूत्री मांगों के समर्थन में सोनभद्र पुनर्निर्माण समिति के अध्यक्ष नवनीत सिंह के नेतृत्व में मनोरंजन केंद्र दो से जुलूस व जन जागरण यात्रा रविवार की शाम निकाली गई। इस दौरान सिंह ने बताया कि ओबरा तहसील तथा कोन ब्लाक का गठन किया जाने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में 24 घंटे बिजली व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई जाए, जनपद में चल रही खदानों से जनपद में होने वाले बालू, गिट्टी के परिवहन को परमिट मुक्त किया जाए
तथा प्रत्येक मजदूर को सौ रुपया प्रतिदिन रिस्क भत्ता के रूप में दिये जाने, जन जातीय ग्रामीण अंचल में नियमित रूप से सचल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित मुहैया कराने, रेणुका नदी पार से चोपन, ओबरा व अनपरा तक सरकारी बस की सुविधा लोगों को दिये जाने तथा ओबरा पीजी कालेज में 25 अंक का अधिभार बहाल किये जाने की मांग संगठन ने उठाई है।
इन मांगों के समर्थन में नगर के सामाजिक संगठन उज्जवल लोक कल्याण सेवा समिति, युवा बहुजन समिति, सामाजिक प्रगति परिषद, छात्रसंघ पीजी कालेज ओबरा, हिंदू युवा वाहिनी तथा विद्यार्थी परिषद ने भी अपना समर्थन दिया है।
जुलूस में विमल सिंह, अजय सिंह यादव, शशिकांत श्रीवास्तव, सुशील मिश्रा संग्राम, आनंद पटेल, बृजेश पांडेय, रंजीत पटेल, अरविंद सोनी, अमितदेव पांडेय, एड. गजेंद्र यादव, एड. मनोज पाठक, संकठ मोचन झा, महताब आलम, जेपी केशरी आदि मौजूद रहे।