Sonbhadra News: भारी बारिश के चलते ओबरा डैम का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में एक गेट खोलकर रेणुका नदी में पानी छोड़ा गया है। वहीं नदी के किनारे लोगों को सतर्क किया गया है।
सोनभद्र जिले में भारी बारिश के चलते ओबरा डैम का जलस्तर 193.22 मीटर पहुंचने पर बुधवार देर रात 2:25 बजे डैम का एक गेट खोलना पड़ा। गेट नंबर आठ को तीन फीट तक खोलकर रेणुका नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में आवश्यकता के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
विज्ञापन
इससे पहले बुधवार को डैम का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी कर लोगों को अलर्ट किया गया था। अधिकारियों ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। डैम के जलस्तर और पानी के बहाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहने पर पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में रेणुका नदी के आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।