वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में गत एक फरवरी को सोनभद्र निवासी किशाेरी की मौत के मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।
किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या और पुलिस पर केस दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस दौरान
लक्ष्मीनारायण ने कहा कि वाराणसी की घटना और पुलिस का रवैया शर्मसार करने वाली है। आरोप लगाया कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई और पुलिस ने परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबरन शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। घटना को आत्महत्या साबित करने पर पुलिस तुली है।
इसी का नतीजा है कि काफी दबाव में हत्या का केस दर्ज करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। जांच अधिकारी आरोपियों से मिलकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने शासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर प्रदीप कुमार मौर्य, मुलायम सिंह, अनीता पटेल, संगीता, सूर्यभान मौजूद रहे।