अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर जगुआर में धमाके के बाद लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
4760 मेगावाट विद्युत उत्पादन करने वाले देश के सबसे बड़े विद्युतगृह एनटीपीसी विंध्याचल को शनिवार की आधी रात को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सौ नंबर पर मिली इस धमकी के बाद भोपाल से लेकर सिंगरौली तक अलर्ट जारी कर दिया गया। परियोजना और आस-पास के इलाकों में पूरी रात सघन तलाशी अभियान चला पर कहीं से कुछ बरामद नहीं हुआ। रविवार की दोपहर सर्विलांस के जरिए पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस इसे नशे की हालत में फोन किया जाना बता रही है पर ऊर्जांचल में स्लीपिंग माड्यूल की सक्रियता के पूर्व में मिले इनपुट को देखते हुए केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियां मामले की जांच में जुटी है।
शनिवार की रात बारह बजे के करीब 100 नंबर पर किसी व्यक्ति ने फोन कर धमकी देते हुए कहा कि एनटीपीसी विंध्याचल में दस बम प्लांट किए गए हैं। खोजना हो तो खोज लो। हम किसी भी समय धमाका कर सकते हैं। इसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भोपाल से तत्काल इसकी सूचना सिंगरौली एसपी रूडोल्फ अल्वारेस को दी गई।
उन्होंने परियोजना के सीआईएसएफ यूनिट को एलर्ट करने के साथ ही सघन तलाशी अभियान शुरू करा दिया। परियोजना और परिसर की पूरी रात तलाशी के बाद भी कहीं बम नहीं मिला तो सर्विलांस के जरिए फोन करने वाले की लोकेशन ली गई। एसपी रूडोल्फ के मुताबिक पुलिस ने रविवार की दोपहर मोहम्मद अख्तर निवासी एनसीएल कर्मी दुद्धीचुआ, डीएवी इंटर कॉलेज खड़िया के क्लर्क विजय कुमार सोनी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों नशे में धुत थे और बैढ़न में मौजूदगी के दौरान फोन किए थे। उनसे अभी भी पूछताछ जारी है।
हालांकि अभी भी सिंगरौली पुलिस को अलर्ट रखा गया हैं। पूर्व में इस इलाके में आइएम के स्लीपिंग माड्यूल तैयार होने तथा खंडवा जेल से भागे आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट सिंगरौली में मिल चुके होने को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियां भी मामले की तहकीकात में जुटी हुई हैं।