सोनभद्र। यूपी का सर्वाधिक उत्पादन क्षमता वाला विद्युत संयंत्र एनटीपीसी रिहंद 20 मेगावाट का सोलर पावर प्लांट भी स्थापित करेगा। इसके लिए परियोजना ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही सोलर संयंत्र को चालू कर दिया जाएगा।
शनिवार को रिहंद स्टेशन के शिवालिक अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में परियोजना प्रमुख पंकज मेदीरत्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण व राख की शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रतिबद्धता जताई। चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी तक 19696.92 एमयू उत्पादन 89.40 प्रतिशत पीएलएफ़ पर किया है। पर्यावरण संरक्षण पर बताया कि पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए अब तक मियावाकी पद्धति से 18500 से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है। संयंत्र से उत्सर्जित सल्फर डाइऑक्साइड को वायुमंडल में न जाने देने के लिए एफ़जीडी की स्थापना का कार्य प्रगति पर है।
वर्तमान में 76 प्रतिशत से अधिक राख़ उपयोगिता का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। आगामी वर्षों में भारत सरकार के नियमों के अनुसार इसे शत प्रतिशत करना भी सुनिश्चित कर लिया जाएगा। उन्होंने सीएसआर गतिविधियों की भी विस्तार से जानकारी दी। बताया कि रिहंद ग्रामीणों एवं विस्थापितों को बुनियादी सुविधाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, सामुदायिक भवन के लिए संकल्पित है। सेवाकुंज आश्रम, चपकी में अध्ययनरत जनजातीय छात्रों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम में
वरिष्ठ प्रबंधक (पीएंडएस) तपन गुप्ता, सीएसआर की कार्यपालक नर्गिस ने संस्थान की उपलब्धियों को रखा। इस मौके पर सीजीएम देबदत्ता सिन्हा, जीएम संजय असाटी, आरएन सिन्हा, एसके श्रीवास्तव, एजीएम (एचआर) जाकिर खान, विश्वजीत घोष, संतोष कुमार आदि रहे।