ड्यूटी पर जा रहे एनटीपीसी शक्तिनगर (सिंगरौली) के असिस्टेंट मैनेजर की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसा रविवार की रात दस बजे के करीब पावर प्रोजेक्ट के एमजीआर के समीप हुआ।
एमजीआर (मेरी गो रॉउंड) कंट्रोल रूम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात मनोज कुमार शुक्ला (59) मुख्य आवासीय परिसर में रहते थे। वह झूंसी प्रयागराज के रहने वाले थे।
रविवार को रात्रि पाली की ड्यूटी के लिए वह आवास से निकले थे। एमजीआर मोड़ के पास संडे मार्केट की ओर से आ रहे सिंपलेक्स कॉलोनी निवासी अमित यादव (33) की बाइक से मनोज कुमार शुक्ला की बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के सहयोग से घायलों को पावर प्रोजेक्ट के संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने मनोज कुमार शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल अमित को प्राथमिक उपचार के बाद बैढ़न ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि अधिकारी के शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल अमित की हालत खतरे से बाहर है।