बीजपुर। जरहा वन रेंज अंतर्गत बीजपुर-रेणुकूट बस मार्ग के उत्तर पटरी पर वन भूमि पर कब्जा कर बने भवनों को ढहाने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक रोक दी गई है। पर्याप्त फोर्स न मिलने व कब्जाधारकों की ओर से मकान खाली न करने के कारण वन विभाग ने सोमार की कार्रवाई स्थगित कर दी। सभी को 30 सितंबर तक की मोहलत देते हुए मकान खाली करने को कहा गया है।
विभाग ने बाजार में मुनादी कराते हुए 30 सितंबर की समय सीमा में कब्जा न हटने पर तीन अक्तूबर को बल पूवर्क वन भूमि को खाली करने की चेतावनी दी गई है। इस स्थिति में भवनों को तोड़ने का खर्चा भी कब्जाधारियों से वसूल करने की बात कही गई। वन रेंजर जरहा राजेश सिंह ने बताया कि तीन अक्टूबर को वन भूमि को हर हाल में कब्जा मुक्त करा लिया जाएगा।
उधर, वन विभाग के इस कदम से क्षेत्रीय लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। इससे पूर्व भी दो बार वन विभाग वन भूमि खाली करने की चेतावनी दे चुका है, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से विभाग को कार्रवाई स्थागित करनी पड़ी है। इस बार 25 सितंबर की तारीख तय हुई थी।