सोनभद्र। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए लंबे समय तक जंग लड़ने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला अस्पताल परिसर में 100 बेड का कोविद केयर सेंटर लेवल- 1 तैयार भी कर लिया गया है। लेवल-1 स्तर के कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए मधुपुर स्थित अस्पताल में ओपीडी बंद कर 30 बेड का एक कोविद केयर सेंटर पहले से तैयार है। यहां कोरोना के वे मरीज रखे जाएंगे, जिनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव हो लेकिन उनकी हालत ज्यादा गंभीर न हो।
स्वास्थ्य विभाग ने 100 बेड के आइसोलेशन वार्ड समेत लेवल -1 व लेवल-2 स्तर के मरीजों के लिए कुल करीब 400 बेड का कोविद केयर सेंटर तैयार करने की रणनीति तय की है। उन कोरोना पीड़ितों को लेवल -2 स्तर के कोविद केयर सेंटर में उपचार के लिए रखने की तैयारी है, जिनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव हो, साथ ही हालत भी गंभीर हो। लेवल-3 स्तर की श्रेणी में कोरोना पीड़ित उन मरीजों को रखा गया है, जिनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव होने के साथ हालत भी ज्यादा गंभीर हो। ऐसे लोगों को बीएचयू में बने लेवल-3 स्तर के कोविद केयर सेंटर में रेफर किया जाएगा।
जिला अस्पताल में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड पहले से तैयार है। आइसोलेशन वार्ड में फिलहाल करीब 10 लोग रखे गए हैं। चिकित्सकों की टीम उनकी देखभाल कर रही है। गुजरात से आए जिन तीन लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उन्हें इसी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने पर तीनों को मिर्जापुर भेज दिया गया। सीएमओ डा .एसके उपाध्याय का कहना है कि जिला अस्पताल परिसर में 100 बेड का कोविद केयर सेंटर लेवल-1 बनकर तैयार है। कोविद केयर सेंटर लेवल-2 के लिए जगह की तलाश की जा रही है।