सोनभद्र। कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए घोषित लाकडाउन के बीच प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को जिनका राशन कार्ड नहीं बना है उनका आत्म निर्भर योजना के तहत अस्थायी कार्ड बनाकर देने का निर्देश दिया है। इसी कड़ी में आपूर्ति विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है, ताकि सभी लोगों को राशन उपलब्ध हो सके।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 730 और शहरी क्षेत्र के 63 वितरण प्रणाली की दुकानें है। इन सभी दुकानों से अंत्योदय योजना के 60558 कार्डधारक एवं पात्र गृहस्थी योजना के 338560 राशन कार्डधारकों को अनाज, केरोसिन दिया जाता है। जिले से हजारों की संख्या में श्रमिक रोजी-रोटी की तलाश में गैर प्रांत और जिलों में गए हुए है। कल-कारखानों समेत अन्य जगहों पर कार्य बंद होने से सभी मजदूर अपने-अपने घरों को वापस लौटने लगे हैं। बाहर से आने वालों को रोजगार मुहैया कराने के लिए मनरेगा के तहत गांवों तालाबों की खुदाई, सड़क निर्माण आदि का कार्य कराया जा रहा है। बावजूद इसके सरकार ने किन्हीं कारणवश जिन लोगों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है उन लोगों को भी अनाज उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। ताकि किसी को भोजन की समस्या उत्पन्न न हो सकें। इस संबंध में जिलापूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया जिनके पास किसी प्रकार का राशन कार्ड नहीं है या राशन कार्ड में सम्मिलित नहीं है। ऐसे श्रमिकों का सर्वे कराकर अस्थायी राशन कार्ड आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत बनाए जाने के लिए सूबे के आयुक्त खाद्य तथा रसद ने डीएम को पत्र भेजा है।