सोनभद्र। जिले में पूर्व से जारी कोरोना कर्फ्यू को बढ़ा दिया गया है। अब सभी निर्धारित पाबंदियां 17 मई तक पूर्व की भांति जारी रहेंगी। इस अवधि में ईद का त्योहार भी है। हालांकि उस दिन भी सारे प्रतिबंध लागू होंगे। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सभी एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों को सरकार की तरफ से जारी कर्फ्यू गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है।
कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए यूपी सरकार ने पूरे प्रदेश में पाबंदियों के साथ कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। पूर्व में कर्फ्यू को 10 मई तक बढ़ाया गया था, जिसे अब सात दिन और बढ़ाया गया है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातहतों के साथ बैठक कर कोरोना के रोकथाम को लेकर मंत्रणा करने के बाद कर्फ्यू को बढ़ाने का निर्देश दिया। अपर मुख्य सचिव ने सभी डीएम समेत अन्य अधिकारियों को सारे प्रतिबंधों को 17 मई यानी सोमवार की सुबह सात बजे तक जारी रखने का निर्देश दिया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं के लिए ही लोगों को मूवमेंट की इजाजत दी जाएगी। उक्त निर्देश का जिला प्रशासन कड़ाई से पालन कराने में जुट गया है। बता दें कि जिले में 30 अप्रैल से ही कोरोना कर्फ्यू लगा हुआ है और लगातार सरकार इसकी मियाद को बढ़ा रही है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू रहेगा। सभी एसडीएम, सीओ, नगर पालिका, नगर पंचायतों के ईओ, थाना प्रभारियों समेत अन्य अधिकारियों को कफ्र्यू का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।