सोनभद्र। प्रशासन ने खेतों में धान की फसलों का अवशेष जलाने वाले किसानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। बृहस्पतिवार को घोरावल एसडीएम प्रकाश चंद्र ने शासन के सख्त मना करने बावजूद पराली जलाने के आरोप में तीन काश्तकारों को नोटिस जारी किया है। जुर्माने के रूप में प्रत्येक काश्तकार से ढाई-ढाई हजार रुपये वसूला जाएगा।
गौरतलब हो कि प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को सख्त आदेश दिया है कि रोक के बावजूद अगर कोई खेतों में फसलों का अवशेष जलाकर वातावरण प्रदूषित करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें। बुधवार को कुछ लोगों ने घोरावल एसडीएम के सूचना दिया कि लसड़ी गांव के कुछ किसानों ने खेतों में धान की फसल का अवशेष जलाए है। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो शिकायत सही निकली। घोरावल एसडीएम प्रकाश चंद्र ने कहा कि फसलों का अवशेष जलाने के आरोप मेें तीन कृषकों के खिलाफ नोटिस जारी कर दी गई है। कहा कि प्रत्येक किसान से ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना जमा कराया जाएगा।