सोनभद्र। जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान नगवां, चोपन और चतरा सीएचसी पर डिलीवरी की संख्या में कमी पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रभारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आमजन को प्रभावी ढंग से मिले, इसके लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि डिप्टी सीएमओ, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ और एडीओ पंचायत अपने निर्धारित ब्लॉक या तहसील में ही निवास सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुरक्षित मातृत्व योजना, फैमिली प्लानिंग और नियमित टीकाकरण की प्रगति की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आरबीएसके टीम के भ्रमण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही कहा कि जन्म और मृत्यु का पंजीकरण भी समय से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी योजना में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाएं शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं ताकि जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय पर बल दिया। उन्होंने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को भी समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, डीपीओ विनीत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तीकरण अधिकारी विद्या देवी आदि उपस्थित रहे।
-