जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए नामांकन स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। नामांकन की पूरी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर में बने अलग-अलग न्यायालय कक्षों में होगी। नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों को उसी कक्ष में संपर्क करना होगा। सभी सीटों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर भी नामित कर दिए गए हैं।
डीएम टीके शिबू ने बताया कि घोरावल विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग ऑफिसर घोरावल एसडीएम होंगे। इस विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन डीएम के कलेक्ट्रेट कक्ष में होगा। सदर विधानसभा सीट के लिए रिटर्निंग ऑफिसर सदर एसडीएम को बनाया गया है। इस सीट की नामांकन प्रक्रिया एडीएम न्यायिक के न्यायालय कक्ष में होगी। ओबरा सीट के लिए रिटर्निंग ऑफिसर ओबरा एसडीएम होंगे। यहां से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार एडीएम वित्त के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र जमा करेंगे। दुद्धी विधानसभा सीट के नामांकन की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट स्थित वन बंदोबस्त अधिकारी के न्यायालय कक्ष में होगी। यहां के रिर्टर्निंग ऑफिसर एसडीएम दुद्धी होंगे।
दस के बाद आएंगे प्रेक्षक
विधानसभा चुनाव के लिए जिले में अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी टीके शिबू ने बताया कि चुनाव के पर्यवेक्षण के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक 10 फरवरी के बाद जिले में आएंगे। प्रेक्षकों के अवस्थापन और निर्वाचन के अन्य कार्यों के लिए तात्कालिक प्रभाव से सर्किट हाउस चुर्क, वीआईपी गेस्ट हाउस ओबरा और दुद्धी गेस्ट हाउस अग्रिम आदेशों तक के लिए अधिग्रहीत कर लिया गया है।