रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में डीएम के निदेश पर भाई सिद्धार्थ को राखी बांधती बहन आराध्या राजश्री। स्रो
सोनभद्र। रक्षाबंधन पर नौ साल की आराध्या ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में पांच वर्षीय भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी तो माहौल भावुक करने वाला हो गया। बहन ने भाई को गले लगा लिया और कहा कि ऐसे ही हर साल राखी बांधेगी। दरअसल, आराध्या ने बृहस्पतिवार को जनसुनवाई में पहुंचकर जिलाधिकारी से भाई को राखी बांधने की इच्छा जताई थी। डीएम की पहल पर उसकी इच्छा पूरी हुई है।
बृहस्पतिवार को जनसुनवाई के दौरान आराध्या राजश्री ने डीएम के सामने अपने छोटे भाई सिद्धार्थ को राखी बांधने की इच्छा जताई थी। आराध्या ने बताया कि वह अपने पिता राजकुमार के साथ रहती है। भाई सिद्धार्थ मां मीरा कुमारी के साथ रह रहा है। माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है इसलिए भाई को राखी नहीं बांध पा रही है।
नौ साल की बच्ची की भावनाओं को देखते हुए डीएम ने तत्काल एसडीएम रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी को आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार को दोनों बच्चों को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली बुलाया गया।
यहां आराध्या ने भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी। लंबे समय बाद मिले भाई-बहन के चेहरे पर खुशी नजर आई। इस भावुक पल के दौरान दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। भाई-बहन का प्यार देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। दोनों बच्चों ने इस अवसर के लिए डीएम के प्रति आभार जताया।