घोरावल तहसील क्षेत्र के बेलाही गांव में कोरोना की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला वृहस्पतिवार को भी जारी रहा। एक महिला समेत नौ और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मिले मरीजों की संख्या 353 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डा एसके उपाध्याय ने की।
सीएमओ के मुताबिक वृहस्पतिवार को 36 मरीज स्वस्थ होकर घर भी लौट गए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या 232 हो गई है। हालांकि एक्टिव मामले 121 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वृहस्पतिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों से सैंपल लेने में जुटी रहीं। कुल 334 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए जबकि 779 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिसमें 9 पाजिटिव और 770 निगेटिव मिले हैं। अब तक कुल 11213 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। जिनमें से 10491 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 353 पाजिटिव और 10138 निगेटिव मिले हैं। अन्य 722 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पॉजिटिव मिले लोगों में से 232 स्वस्थ हो गए हैं और 121 मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर बैरिकेडिंग कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, कंटेनमेेंट वाले इलाकों में वृहस्पतिवार को सख्ती और बढ़ा दी गई। बिना किसी काम के घूमने वालों को पुलिस ने डांट फटकार कर भगा दिया। बगैर मास्क के निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान के मुताबिक संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील करा दिया गया है। संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सील किए गए इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। लोगों को जरूरत के सामान घरों पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिसकर्मियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।