नगवां ब्लॉक प्रमुख प्रशांत सिंह का शपथ ग्रहण समारोह अन्य प्रमुखों के मुकाबले खास रहा। यहां साहित्यकार, बाहुबली और पूर्व नक्सली कमांडर सहित बसपा और भाजपा के नेता जुटे। शपथ ग्रहण में सपा कार्यकर्त दूर-दूर तक नजर नहीं आए। इसी ब्लाक के प्रमुख चुनाव के दौरान प्रत्याशी रहे प्रशांत सिंह ने हाईकोर्ट की शरण लेकर सपा नेता, पुलिस उच्चधिकारी और जिला प्रशासन को कड़ी टक्कर देकर कुर्सी पर कब्जा जमाया था। जबकि अन्य ब्लॉकों में सपा के प्रत्याशी प्रमुख निर्वाचित हुए।
शुक्रवार को नगवां ब्लॉक प्रमुख के शपथ ग्रहण समारोह को काफी भव्य रूप दिया गया था। यहां विभिन्न दलों के साथ ही बाहुबलियों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अजय शेखर ने की। वहीं मिर्जापुर-सोनभद्र से पूर्व एमएलसी रहे बाहुबली विनीत सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे, बसपा के जिलाध्यक्ष पन्नालाल और मंडल को-आर्डिनेटर बी सागर भी मौजूद रहे।
इन सबके बीच शाम करीब पौने सात बजे जब सोनभद्र में नक्सली घटनाओं के लिए दशहत का पर्याय बने पूर्व नक्सली कमांडर और झारखंड के पलामू संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे कामेश्वर बैठा सुरक्षा कर्मियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचा तो लोगों को उसे देखने की उत्सकुता बढ़ गई। बैठा में जेल में जाने के बाद राजनीतिक क्षेत्र में कदम बढ़ाया और पलामू से सांसद भी चुना गया था।