चुर्क स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक सभागार में शुक्रवार को आयोजित क्राइम मीटिंग में मिर्जापुर रेंज के डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव ने अपराध की समीक्षा की। उन्होंने सीओ व थानाध्यक्षों को होली पर्व के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया। फरार चल रहे पांचों अपराधियों को भी तत्काल गिरफ्तार करने का फरमान जारी किया। इसके बाद डीआईजी ने तीन माह का प्रशिक्षण ले रहे नवनियुक्त 273 सिपाहियों से मिलने वाले भोजन समेत अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
मीटिंग को संबोधित करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक रतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि होली पर्व में खलल पैदा करने वाले अराजकतत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सभी थाना इंचार्ज उनके दारोगा व सिपाही अपने-अपने बीट के क्षेत्रों में भ्रमण कर समाज में भय व अशांति का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे है या नहीं इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित करें। कहा कि पूर्व में हुई चोरी, लूट, हत्या समेत अन्य घटनाओं का तत्काल पर्दाफाश किया जाए। डीआईजी ने अपर पुलिस अधीक्षक शंभूशरण यादव और डा. अवधेश सिंह से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई के बारे में पूछताछ की। कहा कि नक्सल इलाकों में तैनात फोर्स को 24 घंटे एलर्ट रखा जाए।