त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए शनिवार को म्योरपुर और बभनी ब्लाक क्षेत्र में मतदान होगा। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।
जिला पंचायत की नौ और बीडीसी के 213 पदों के लिए चुनाव होगा। इन पदों के लिए जिला पंचायत के लिए 149 और बीडीसी के लिए 1826 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके लिए 428 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 73 संवेदनशील और 150 अति संवेदनशील बूथ शामिल हैं।
म्योरपुर प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लाक क्षेत्र में शनिवार को तीसरे चरण का मतदान होगा। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां केंद्रों पर पहुंच गईं। म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र में कुल 332 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 62 संवेदनशील और 141 अति संवेदनशील बूथ हैं।
यहां पर जिला पंचायत सदस्य के सात सीटों के लिए 123 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि बीडीसी के 161 सीटों के लिए 1486 प्रत्याशी मैदान में हैं। ब्लाक मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम से मतदान कर्मियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ रवाना किया गया।
म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र में चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए चार जोन पिपरी, अनपरा, बीजपुर और म्योरपुर बनाया गया है। इसके 24 सेक्टर बनाए गए हैं।
दुद्धी एसडीएम डा. विश्राम सिंह की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस मौके पर बीडीओ आशा राम पटेल, एडीओ पंचायत प्रेमनाथ चौबे, केके सिंह, निर्वाचन अधिकारी रमापति सिंह आदि रहे।
बभनी प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लाक क्षेत्र में शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराया जाएगा। यहां पर कुल 52 मतदान केंद्र और 96 बूथ बनाए गए हैं। इसमें भी11 संवेदनशील और नौ अति संवेदनशील बूथ हैं। जिला पंचायत के दो सीटों बभनी के लिए 11 और घघरी के लिए 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इस प्रकार से 26 प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य के लिए मैदान में हैं। वहीं बीडीसी के 52 सीटों पर 340 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 132 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।