पुलिस और राजस्व से जुड़े विवादों के समाधान के लिए शनिवार को थानों में समाधान दिवस पर अफसरों ने शिकायतें सुनीं। ज्यादातर थानों में राजस्व विवाद से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। भूमि पर कब्जे, हिस्सेदारी न देने, पैमाइश संबंधी मामलों में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर नापी के लिए भेजा गया।
कोर्ट में मामला होने के बाद भी दूसरे पक्ष की ओर से विवाद करने की शिकायतें भी पहुंचीं। डीएम बद्रीनाथ सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में शिकायतें सुनीं।
मौके पर मौजूद राजस्व विभाग के कर्मचारियों व पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि आपस में समन्वय स्थापित कर समस्याओं का निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण तरीके से करें। डीएम ने लेखपालों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण संबंधी समस्याओं को तत्परता के साथ निस्तारित करें।
राॅबर्ट्सगंज कोतवाली में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर तहसीलदार अमित कुमार, एडीआईओ विनय कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी सतेंद्र कुमार राय आदि मौजूद रहे।
विंढमगंज: स्थानीय थाने पर कुल छह प्रार्थना पत्र आए। डुमरा ग्राम पंचायत से आए वृद्ध भुवनेश्वर प्रसाद ने अपनी एक बीघा जमीन पर पड़ोसियाें की ओर से कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश के बाद भी परेशान करने की शिकायत की।
कस्बा से आए अनिल केसरी, सुजीत केसरी और राकेश कुमार केसरी ने पुश्तैनी संपत्ति में बंटवारे को एक पक्ष की ओर से न मानकर विवाद करने की शिकायत की। एसआई संजय कुमार राय ने दोनों मामलों संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को सुपुर्द कर दिया।
खलियारी: थाना रायपुर में सीओ सदर रणधीर मिश्र की मौजूदगी में शिकायतें सुनी गईं। यहां कुल 15 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें तीन का निस्तारण हुआ। सभी प्रार्थना पत्र जमीन विवाद से जुड़े रहे। थाना प्रभारी रामदरश राम भी मौजूद रहे।
म्योरपुर: स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुल आठ मामले आए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।