सोनभद्र। यातायात सुरक्षा को लेकर अक्सर नियमों की दुहाई देने वाले जिम्मेदार ही इसकी अनदेखी कर रहे हैं। फिलहाल मामला नगर पालिका का है। नगर क्षेत्र में संचालित नगर पालिका के अधिकांश वाहन बिना नंबर के ही दौड़ रहे हैं। कूड़ा उठाने वाला वाहन हो या टैंकर ढोने वाला टैंकर और बिजली दुरुस्त करने वाला क्रेन युक्त वाहन। अधिकांश वाहनों पर नंबर नदारद है।
नगर पालिका राबर्ट्सगंज में नगर की साफ-सफाई के लिए ट्रैक्टर, कूड़ा वाहन, लोडर सहित करीब 22 वाहन हैं। इन वाहनों में ज्यादातर पर नंबर प्लेट मौजूद नहीं है। ऐसा भी नहीं कि यह वाहन खड़े हों और खराब हालत में हों। यह वाहन रोजाना सड़कों पर फर्राटे भरते हैं। इन पर कोई भी कार्रवाई नहीं होती है। इससे परिवहन विभाग के नियम व कानूनों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बात प्रशासन की आती है तो सारे नियम ताख पर रख दिए जाते हैं। इन वाहनों से अगर कभी दुर्घटनाएं होती हैं तो इनकी पहचान कर पाना भी मुश्किल होगा।