रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने शुक्रवार को सदन में हाथीनाला-रेणुकूट-अनपरा मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या रखी। उन्होंने इस मार्ग को शीघ्र फोरलेन बनाने की मांग की।
सांसद ने कहा कि एनएच-39 झारखंड के रांची से शुरू होकर सोनभद्र होते हुए मप्र के रीवा तक जाता है। झारखंड और मप्र के हिस्से की यह सड़क फोरलेन हो चुकी है, लेकिन यूपी सीमा में विंढमगंज से अनपरा तक की सड़क अभी भी टू लेन ही है।
मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। संकरा मार्ग होने के कारण इस पर आए दिन जाम लग रहा है। कई बार एंबुलेंस में मरीज लेकर भी लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते। इस समस्या के समाधान के लिए यूपी के हिस्से में अवशेष मार्ग को शीघ्र फोरलेन किया जाना जरूरी है।
उन्होंने रेणुकूट में मुर्धवा से म्योरपुर एयरपोर्ट होते हुए छत्तीसगढ़ को जाने वाली सड़क को भी फोरलेन करने की मांग रखी। इसके अलावा मिर्जापुर, घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, खलियारी होते हुए बिहार सीमा तक, घोरावल से अनपरा तक, चंदौली के पीडीडीयूनगर से चकिया, नौगढ़, सोनभद्र होते हुए झारखंड तक की सड़क को भी फोरलेन करने की मांग उठाई।
उन्होंने सोन नदी पर पुल निर्माण के बाद भी सड़क न बनने से आवागमन चालू न होने की समस्या रखते हुए इसे दूर कराने की मांग की।