डाला में वैष्णो मंदिर के पास क्रेन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त बाइक।
डाला। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को वैष्णो मंदिर के पास क्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार आनंद (25) की मौत हो गई। हादसे में उसके दो अन्य साथी घायल हुए। चोपन एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना में शामिल क्रेन को पकड़ कर डाला चौकी परिसर में खड़ा कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ओबरा थाना क्षेत्र के पनारी गांव के करी टोला निवासी आनंद अपने दोस्त महेंद्र और चोपन के गुरमा निवासी मनीष के साथ बाइक से चोपन की तरफ जा रहे थे। वैष्णो मंदिर के पास क्रेन की चपेट में बाइक सवार आ गए। तीनों सवार सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चोपन सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष और महेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।