दुद्धी। नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई प्रसूता की मौत हो गई। बताते हैं कि स्थिति गंभीर होने पर उसे वाराणसी ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कुछ देर पहले ही महिला का प्रसव हुआ था, मगर बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। जच्चा-बच्चा की मौत से स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मची रही।
विंढमगंज के बोम गांव निवासी शिवकुमार अगरिया की पत्नी देवंती देवी (28) गर्भवती थी। सोमवार की भोर में उसका प्रसव हुआ, मगर बच्चे की मौत हो गई। बताते हैं कि कुछ देर बाद महिला की तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे कस्बा के वार्ड नंबर एक स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया गया।
परिजन निजी वाहन से उसे वाराणसी ले जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। एसओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में काेई तहरीर नहीं मिली है। वहीं सीएमओ डॉ. पीके राय का कहना था कि जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी मिली है। मौत कैसे व किन परिस्थितियों में हुई, इसकी शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी।