मौनी अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाने की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं को मायूसी हाथ लगी। प्रयागराज पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें जगह-जगह बैरिकेट्स लगाकर रोक दिया। जिले में 2500 से अधिक वाहन जगह-जगह रोके गए थे। जिनमें अधिकतर को डायवर्ट कर बाद में भेजा गया। ट्रकों का परिवहन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
झारखंड के रास्ते आ रहे वाहनों को विंढमगंज में बॉर्डर पर ही रोक दिया तो छत्तीसगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन बीजपुर और बभनी में खड़ा करा दिए गए। दोपहर बाद छोटे वाहनों पर भी पाबंदी लगने से यात्री परेशान रहे। मिर्जापुर की सीमा पर सुकृत में भी वाहन रोके जाने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
प्रयागराज जाने के लिए पड़ाेसी राज्यों से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला कई दिनों से जारी था। महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर स्नान के दौरान हादसे और भारी भीड़ के बाद उच्चाधिकारियाें के निर्देश पर जिले की पुलिस अलर्ट रही।
भोर में पांच बजे ही विंढमगंज बाॅर्डर पर झारखंड से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन को यूपी में प्रवेश से रोक दिया गया। करीब 14 से अधिक छोटे-बड़े वाहन देर शाम तक आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे। जिस वाहन पर की महाकुंभ के बैनर-पोस्टर लगे थे या वाहन चालक मिर्जापुर, प्रयागराज जाने की बात कह रहे थे, उन्हें रोका जा रहा था।
बभनी और बीजपुर बाॅर्डर पर छत्तीसगढ़ से आने वाले वाहनों का प्रवेश रोके जाने के बाद कई किमी तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। आगे जाने के लिए लोग अपने संपर्काें का प्रयोग कर जुगत लगाने में लगे रहे, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। जाम में फंसे राहगीराें को घंटों वाहन में ही बिताना पड़ा।
सिंगरौली से शक्तिनगर, अनपरा होते हुए आने वाले वाहनों को पुलिस ने दोपहर बाद गाढ़ा बैरियर पर रोकना शुरू किया। जिले के अंदर भी मिर्जापुर की ओर जाने वाले वाहनों को हिंदुआरी से डायवर्ट किया जाता रहा। दोपहर बाद सुकृत से आगे अहरौरा पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर सभी वाहनों को खड़ा करा दिया।
आधे रास्ते से लौटी रोडवेज बसें, सवारियों को लौटाए पैसे
प्रयागराज में श्रद्धालुओं के दबाव को देखते हुए महाकुंभ को जाने वाली रोडवेज बसों को भी आधे रास्ते से ही लौटा दिया गया। सोनभद्र डिपो से करीब दो बसे सुबह सवारी लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुईं, मगर हिंदुआरी पहुंचते ही प्रशासन ने उन्हें वापस करा दिया। बसों में बैठे जिन यात्रियों के टिकट बन गए थे, उन्हें पैसे वापस किए गए। दूसरी ओर वाराणसी जाने वाली बसें भी टेंगरा मोड़ से ही लौट रही थी। इसके आगे यात्रियों को दूसरे साधन का सहारा लेना पड़ा। एआरएम विश्राम सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रयागराज जाने वाली बसों को वापस किया गया है। वाराणसी रूट पर भी टेंगरा मोड़ से बसें लौट आईं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बसों को आगे भेजा जाएगा। सिर्फ खाली बसें श्रद्धालुओं को लाने के लिए प्रयागराज गई हैं।
त्रिवेणी में डुबकी लगाने निकले थे, हैंडपंप पर नहाना पड़ा
विंढमगंज झारखंड, बंगाल, ओडिशा सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालु मन में यह हसरत लेकर निकले थे कि मौनी अमावस्या पर वह त्रिवेणी में डुबकी लगाकर पुण्य के भागी बनेंगे। हालात ऐसे बने कि उन्हें ढाई सौ किमी पहले ही रोक दिया गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब आगे जाने की अनुमति नहीं मिली तो कई श्रद्धालुओं ने बाॅर्डर पर स्थित हैंडपंप, कुंए व पहाड़ी नालों में नहाकर अमावस्या मनाया।
बंगाल से आए सुभाष घोष ने कहा कि बस की बुकिंग कर 55 लोग महाकुंभ जाने के लिए सोमवार की शाम को निकले थे। सोचा था कि अमावस्या पर संगम में नहाएंगे, लेकिन यूपी बॉर्डर पर पुलिस ने रोक दिया। ओडिशा के सुरेश गुप्ता ने कहा कि दो दिन के सफर करने के बाद बुधवार की सुबह यूपी बॉर्डर पहुंचे थे। यहां से बस ढाई सौ किमी दूर प्रयागराज था, लेकिन हमें आगे नहीं जाने दिया जा रहा। मन में महाकुंभ में स्नान को लेकर जो उमंग था, वह काफूर हो गया। महेश, आनंद प्रसाद, संजीवनी देवी, प्रमिला देवी ने भी अमावस्या पर संगम में स्नान से चूकने पर असंतोष जताया।
छत्तीसगढ़ प्रांत से यूपी सीमा में प्रवेश कर रहे वाहनों को प्रशासन ने मंगलवार से ही रोक दिया है। इससे बड़े वाहनों का तांता लग गया है। बुधवार से छोटे वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दी गई। करीब 30 किमी लंबी कतार लगी रही।
छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर, अंबिकापुर, विलासपुर, रायपुर, कोरबा, सहित ओडिशा राज्य से महाकुंभ स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांता चार दिनों से लगातार चल रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने बड़े व भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है। बड़े वाहनों को आसनडीह में मंगलवार से ही रोक दिया गया थ। बुधवार से श्रद्धालुओं से भरे छोटे और बड़े वाहनों को को भी रोक लगा दी गई। इस कारण करीब 30 किमी तक की बड़े वाहनों का तांता लग गया।
प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि आकस्मिक सेवा के वाहनों के अलावा अन्य सभी वाहनों को रोक दिया गया है। इसके साथ ही बुधवार को कुंभ स्नान कर छत्तीसगढ़ लौट रहे सभी छोटे वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया। सभी वाहन बभनी थाना से चपकी और रघुनाथनगर होते हुए जाएंगे। उधर, बीजपुर बाॅर्डर पर भी पुलिस सतर्कता के साथ वाहनों को रोकती रही। एसओ अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि एक साथ भीड़ ज्यादा न बढ़े, इसके मद्देनजर महाकुंभ स्नान करने जा रहे भक्तों की गाड़ियों को रोका जा रहा है।