सोनभद्र। वित्तीय अनियमितता को लेकर शासन स्तर पर हुई शिकायत पर सोनभद्र के क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में तैनात मानीटरिंग असिस्टेंट रंजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया। रंजित को बोर्ड के लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। शासन ने बोर्ड के वाराणसी के क्षेत्रीय अधिकारी कालिका सिंह को जांच अधिकारी नामित कर जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
सूत्रों का कहना है कि मेडिकल इकाई के बारे में रिपोर्ट लगाने को लेकर शासन स्तर पर किसी ने वित्तीय अनियमितता की शिकायत की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने आरोपी कर्मचारी रंजीत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बोर्ड मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। क्षेत्रीय अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि रंजीत को निलंबित कर बोर्ड मुख्यालय से संबद्ध किए जाने की सूचना उन्हें मिली है। विस्तृत जानकारी सोमवार को कार्यालय खुलने पर ही दी जा सकेगी।