म्योरपुर बीडीओ को ज्ञापन सौंपते मनरेगा कर्मचारी
सोनभद्र। 8 महीने से बकाया मानदेय न मिलने से नाराज मनरेगा कर्मचारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र बकाया मानदेय भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे कलमबंद हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
जिलाध्यक्ष ग्राम रोजगार सेवक विनय पांडेय ने बताया कि पिछले चार महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। दीपावली, छठ पूजा और होली जैसे प्रमुख त्योहार भी बिना मानदेय के ही बीत गए। बच्चों की फीस, बुजुर्ग माता-पिता की दवा और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। मनरेगा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनय मिश्रा ने कहा कि अगर जल्द ही मानदेय और ईपीएफ संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिले के मनरेगा कर्मचारी कलमबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान पंकज कुमार, अवनीश कुमार, विमलेश कुमार, अभिलाष सिंह, हरिशंकर सिंह, प्रदीप सिंह राणा, वेद प्रकाश, मिथिलेश, अशोक आदि मौजूद रहे।