म्योरपुर वन रेंज के मनबसा एवं डाला वन रेंज के तेलगुड़वा जंगल में शनिवार को अचानक लगी आग से समूचा जंगल जलने लगा। दोपहर बाद वन विभाग की टीम म्योरपुर वन रेंज के मनबसा जंगल में आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन आग नहीं बुझाई जा सकी। वहीं डाला वन रेंज के तेलगुड़वा जंगल में दो घंटे बाद पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
म्योरपुर वन रेंज के मनबसा जंगल में लगी आग से जंगली जीव भी इधर-उधर भागते देखे गए। मनबसा के जंगल में बांस के पेड़ अधिक है, जो आग पर नियंत्रण कर पाने में मुश्किलें खड़ी कर रहे थे। मनबसा के महुआनार में आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी, जिससे मनबसा आश्रम मोड़ जाने वाले मार्ग पर लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। वन विभाग की टीम लगातार आग पर नियंत्रण का प्रयास कर रही थी,
लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका था और आग गोविंदपुर की ओर बढ़ रही थी। उधर डाला वन रेंज के तेलगुड़वा चौराहे के समीप जंगल में लगी भयंकर आग शनिवार की सुबह घरों तक जा पहुंची। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। भोला पासवान ने अगलगी की सूचना वन विभाग और फायर ब्रिगेड को दी। करीब दो घंटे बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब आग पर काबू पाया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।