जिले में गुरुवार को सुबह आठ बजे से होने वाले विधान परिषद सदस्य के चुनाव
के लिए कड़े बंदोबस्त किये गए हैं। मिर्जापुर-सोनभद्र विधान परिषद की इस
सीट पर दोनों जिलों के मतदाता हैं जिसमें से सोनभद्र में 1406 वोटर हैं।
अपर जिलाधिकारी रामचंद्र की देखरेख में बुधवार को मतदान अधिकारियों के
बॉक्स की जांच हुई। केंद्रों पर पीएसी की तैनाती की गई है। कुल दस केंद्रों
पर 1406 वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बुधवार को जिला प्रशासन ने
कलेक्ट्रेट से दस पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया
गया था।
सुबह नौ बजे से कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी रामचंद्र की
मौजूदगी में सदर एसडीएम कैलाश सिंह, अतिरिक्त एसडीएम (ओसी) हर्षदेव पांडेय,
एएसपी डा. अवधेश सिंह ने पोलिंग पार्टियों को दिए जाने वाले बाक्स को चेक
कर उन्हें रवाना करना शुरू किया।
सबसे पीछे दोपहर एक बजे सदर, घोरावल और
पिपरी की पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। बतादें कि तीन मार्च की सुबह आठ बजे
से सांय चार बजे तक घोरावल ब्लॉक कार्यालय में एमएलसी पद के लिए 249 वोटर
वोट डालेंगे।
क्षेत्र पंचायत कार्यालय राबर्ट्सगंज में 322, चतरा ब्लॉक में
100, नगवां ब्लॉक में 85, चोपन ब्लॉक में 186, नगर पंचायत ओबरा कार्यालय
में 22, राजकीय इंटर कालेज पिपरी मेें 25, क्षेत्र पंचायत कार्यालय दुद्धी
में 133, म्योरपुर ब्लॉक कार्यालय में 210 और बभनी क्षेत्र पंचायत कार्यालय
में 77 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
छह मार्च की सुबह आठ बजे से
मिर्जापुर में रिटर्निंग आफिसर व डीएम की मौजूदगी में वोटों की गिनती होगी।
चोपन ब्लॉक पर बुधवार की सांय करीब पौने चार बजे पीठासीन अधिकारी दलबल
के साथ पहुंच कर चुनाव कराने की तैयारी में जुट गए।
जिला निवार्चन अधिकारी
से मिली जानकारी के अनुसार चोपन ब्लॉक कार्यालय में कुल 186 मताधिकार का
प्रयोग करेंगे। दुद्धी एसडीएम डॉ. विश्राम सिंह ने बुधवार को एमएलसी चुनाव
के मद्देनजर म्योरपुर ब्लॉक मुख्यालय पर सभागार में बने बूथ का जायजा
लिया।