करमा थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में बीते चार दिन से लापता महिला का शव उसके घर से लगभग दो सौ मीटर दूर कुएं में बुधवार को मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
24 मार्च को पटेहरा गांव निवासी उर्मिला देवी (45) पत्नी प्रेमनाथ लापता हो गई थी। मंगलवार को लापता महिला के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उधर बुधवार को कैलाश की पत्नी अपने कुएं में पानी भरने गई तो एक महिला की लाश को देख शोर मचाने लगी। हल्ला सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। करमा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह व सीओ घोरावल संजीव कटियार ने मौके पर पहुंचकर शव निकलवाया। मृतका की पहचान लापता उर्मिला देवी के रूप में हुई। सीओ संजीव कटियार का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मृतका को एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।