यूपी बोर्ड की हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा में शनिवार को केंद्रों पर कड़ी चौकसी रही। सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा के दौरान सचल दल ने भी केंद्रों का भ्रमण किया। जिले के 77 केंद्रों पर परीक्षा में 1486 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इंटर के फल व खाद्य संरक्षण विषय में 246 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। गणित की परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से ही चौकसी बढ़ा दी थी। केंद्रों के स्ट्रांग रूम की कंट्रोल रूम से सीधे निगरानी कराई जा रही थी।
शनिवार की सुबह केंद्राध्यक्ष, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में स्ट्रांग रूम खोलकर प्रश्न पत्र निकाले गए। इस दौरान प्रमुख केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। हाईस्कूल गणित विषय में कुल 16357 छात्र-छात्रा पंजीकृत थे।
इसमें 14871 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। डीआईओएस, बीएसए सहित अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में गठित सात सचल दल ने सभी केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षार्थियों की तलाशी ली। किसी केंद्र पर कोई नकलची नहीं मिला।
परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे के भाव उनके परिणाम भी बयां कर रहे थे। पहली पाली में ही इंटर के फल एवं खाद्य संरक्षण विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुल 259 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसके सापेक्ष 246 ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान राज्य स्तर से नामित पर्यवेक्षक भूपेंद्र कुमार सिंह सुबह साढ़े आठ बजे से कंट्रोल रूम से निगरानी करते रहे। विभिन्न केंद्रों पर चल रही परीक्षा की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की।
दूसरी पाली में 324 विद्यार्थी अनुपस्थित
सोनभद्र। दूसरी पाली में हाईस्कूल के वाणिज्य और इंटर के नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। हाईस्कूल में 265 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 262 ने परीक्षा दी। तीन परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर में 5886 विद्यार्थियों के सापेक्ष 5565 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। कंट्रोल रूम प्रभारी कालिंदी यादव ने बताया कि तीसरे दिन की परीक्षा भी जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न हुई।