सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अमौली गांव में विवाहिता की लाश कमरे में फंदे से लटकती मिली। आठ साल पूर्व उसकी शादी हुई थी। छह साल का बेटा है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
परिवार वालों के मुताबिक अमौली गांव के प्रधान सुरेश शुक्ला के पुत्र सुनील की पत्नी शिक्षा (28) रोजाना की भांति सोमवार की रात भी अपने कमरे में सोने चली गई। मंगलवार की सुबह उसे फंदे से लटकता देख परिजन अवाक रह गए। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने मौके पर पहुंचकर जरूरी जानकारी हासिल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सुरेश शुक्ल को प्रधान के साथ प्रधान संघ का ब्लाॅक अध्यक्ष होने के नाते उनके घर पर संवेदना जताने के लिए भी काफी भीड़ बनी रही। परिवारीजनों के मुताबिक शिक्षा पिछले तीन-चार साल से वह बीमार चल रही थी। वाराणसी से उपचार भी चल रहा था। हालांकि मायके पक्ष की तरफ से उत्पीड़न का आरोप लगाया जाता रहा। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि विवाहिता के आत्महत्या के कारणों की छानबीन की जा रही है। शादी आठ साल पूर्व हुई थी। इस संबंध में कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।