दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ससुराल से मारपीट कर निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
चोपन के अदलगंज गांव निवासी पूनम ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी 26 जून 2019 को मिर्जापुर के देहात कोतवाली अंतर्गत पिपराड़ाड़ गांव निवासी आशीष कुमार से हुई थी। पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बाइक, एक लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण व गृहस्थी के अन्य सामान दिए थे।
शादी के कुछ समय बाद ही पति आशीष कुमार, सास सावित्री देवी, ससुर अजय कुमार और रिश्तेदार सोनू दहेज में दो लाख की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। 29 अप्रैल 2023 को सभी ने मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई की और दो दिन तक भूखा-प्यासा बंदी बना लिया।
उसे पिता के हवाले कर घर से निकाल दिया गया। बाद में जब उसके पिता सुलह की मंशा लेकर ससुराल पहुंचे तो पता चला कि आशीष कुमार ने दूसरी शादी कर ली है। पूनम को घर में घुसने से भी मना कर दिया गया।
गत फरवरी में दोबारा प्रयास करने पर उसके पिता को अपमानित कर भगा दिया गया और धमकी भी दी गई। एसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने सभी आरोपियाें के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।