बभनी थाना क्षेत्र के रंदह गांव में शुक्रवार की रात एक नवविवाहिता का घर के बाहर पेड़ से लटकता शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
रंदह गांव निवासी ममता 21 पत्नी श्याम बिहारी गोंड रात में खाना बनकर सभी सदस्यों को खिलाने के बाद अपने कमरे में आकर सो गई। पति भी साथ में सोया था। परिजनों के मुताबिक रात में वह अचानक उठी और घर से करीब सौ मीटर दूर पेड़ में नायलन की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब पति की नींद खुली तो बिस्तर पर पत्नी को न पाकर वह उठा और खोजने लगा। पति श्याम बिहारी ने पत्नी के मोबाइल पर काल किया तो बाहर की तरफ घंटी बजने लगी। पति ने घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान संजय कुमार यादव को दी। सूचना मिलते ही प्रधान मौके पर पहुंच कर घटना की सूचना बभनी पुलिस को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह मयफोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया। परिजनों ने बताया कि गत एक मई को विंढमगंज के हरपुरा गांव में शादी हुई थी। फांसी किन कारणों से लगाई इसका खुलासा नहीं हो सका था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।