हाथीनाला। शादीशुदा होते हुए भी आर्केस्ट्रा में काम करने वाली युवती को झांसे में लेकर प्रेम संबंध बनाने, एतराज पर उसके साथ मारपीट और घर पर पहुंचकर आग लगाने का मामला सामने आया है। दो दिन पुराने इस मामले में शुक्रवार को मिली तहरीर पर चोपन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में आरोपी का तमंचे की साथ फोटो और फोन पर जान से खत्म करने की धमकी देने का कथित ऑडियो वायरल होता रहा। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
मां के साथ चोपन थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आर्केस्ट्रा में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात कोन थाना क्षेत्र के रोगहीं निवासी दीपक से हुई। मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा तो दोनों में प्रेम संबंध बन गए। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है। इस पर उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि इससे खफा युवक ने उसे प्रताड़ित करने और संबंध न रखने पर जान से मारने की धमकी देने लगा।
गत बुधवार की दोपहर दो बजे दीपक दो-तीन लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी। इसके चलते घर में रखा गेहूं-चावल सहित अन्य सामान जल गया। पीड़िता के दादी का कहना था कि आरोपी तीन वर्ष से उनकी पोती को टॉर्चर कर रहा है।
आए दिन उसके साथ मारपीट, तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देता रहता है। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश जारी है। एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संवाद