सोनभद्र। नगर पालिका परिषद सोनभद्र (राबर्ट्सगंज) बोर्ड की बैठक बुधवार को नगर पालिका सभागार में हुई। पंद्रहवां वित्त आयोग की धनराशि से विकास के कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। नगर में सड़क मरम्मत में बरती जा रही अनियमितता का मामला बोर्ड की बैठक में छाया रहा।
नगर पालिका चेयरमैन वीरेंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वप्रथम पुरानी कार्यवृत्ति पर सहमति जताई गई। इसके बाद सभासदों ने कई सुझाव रखे। सभासद नातिक असरफ ने नगर में पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क की पीडब्ल्यूडी की तरफ से कराए जा रहे मरम्मत का मामला उठाया। इसकी जांच कराते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग सदन में उठा। इसके अलावा रामसरोवर तालाब के पास बने छोटे पार्क में झूला, टीनशेड लगाने, नगर पालिका की तरफ से बनाए गए दुकानों की छत की मरम्मत और नाली की मरम्मत कराए जाने पर सहमति बनी। इसके अलावा घुवास रोड मोहल्ला, ब्रह्मनगर सहित अन्य वार्डों में जर्जर हो चुकी सड़कों की मरम्मत कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। समस्त कार्य पंद्रहवा वित्त आयोग से कराया जाएगा। बोर्ड की बैठक में डीपीएम नीरज कुमार, जेई मनीष कुमार, नगर पालिका के कर्मचारी व सभी निर्वाचित एवं मनोनीत सभासद उपस्थित रहे।