जिले में बिजली, पानी, रोजगार और जिले को विशेष अधिकार दिलाने की मांग को लेकर भाजपा का छह दिवसीय पदयात्रा का समापन शनिवार को ओबरा में हुआ। इस दौरान अंबेडकर चौराहे पर सभा कर सपा सरकार की बखिया उधेड़ी गई।
मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य जय प्रकाश चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश के नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं जबकि जनपद में बिजली सहित विभिन्न परियोजनाएं मौजूद हैं।
वहीं पेयजल की भारी समस्या भी जनपदवासियों को उठानी पड़ रही है। जनपद में भ्रष्टाचार भी चरम पर है। क्षेत्रीय मंत्री गोविंद यादव ने कहा कि जिले का नौजवान और किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे ने कहा कि जनपद के मूल निवासी गरीब आदिवासी पीने के पानी के लिए बीस-बीस किलोमीटर भटक रहे हैं। खनिज संपदाओं के नाम पर जिले का दोहन किया जा रहा है।
सर्वाधिक राजस्व देने के बावजूद भी जिले में विकास के नाम पर किसी भी प्रकार की कोई योजनाएं धरातल पर दिखाई नहीं पड़ती हैं। कहा कि मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्री केवल घोषणाएं कर रहे हैं।
ऐसी सरकार का रहने और न रहने का कोई मतलब नहीं। कहा कि अगर सरकार चेती नहीं और सोनभद्र जिले में नौजवानों को रोजगार एवं किसानों को समुचित सिंचाई की व्यवस्था साथ ही भ्रष्टाचार को रोक नहीं लगा तो बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे।
इस दौरान देवेंद्र शास्त्री, तीरथराज, कृष्णमुरारी गुप्ता, जीता सिंह खरवार, विजयशंकर, सुरेंद्र अग्रहरि, धर्मेंद्र सिंह, नंदू मिश्रा आदि ने संबोधित किया।
इस मौके पर जेपी सिंह, मंगलेश अग्रवाल, धर्मराज सिंह, वीरेश सिंह, रमाशंकर द्विवेदी, शैलेंद्र माली, बृजेश पांडेय, मिथिलेश बजरंगी, संजय सिंह, मोहित पटेल, राकेश केशरी आदि मौजूद रहे।