शक्तिनगर। बुधवार को आंबेडकर नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। मतदान के बाद निर्वाचन अधिकारी ने मनोज गुप्ता को अध्यक्ष, योगेश कुमार सिंह को महामंत्री व सुनील सिंह को निर्वाचित घोषित किया तो विजेताओं के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके बाद विजयी उम्मीदवारों का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई गई।अंबेडकर नगर के जय हनुमते गैराज पर पर चुनावी प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से सामाजिक दूरी का पालन करते हुए संपन्न हुई।
निर्वाचन अधिकारी राजेश सिंह व संत कुमार गुप्ता की देखरेख में व्यापारियों ने वोटिंग शुरू किया। कल 60 मतदाताओं में 56 ने मतदान किया। गिनती के वक्त छह वोट निरस्त कर दिए गए। अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप गुप्ता व युवा मनोज गुप्ता के बीच कांटे की टक्कर रही। मनोज गुप्ता ने 27 वोट प्राप्त कर दिलीप गुप्ता को करारी शिकस्त दी। दिलीप को 17 वोट मिले। महामंत्री पद के उम्मीदवार योगेश सिंह को 33 वोट तो नीरज त्रिपाठी को 11 वोट प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचित अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए एक अच्छी कार्यकारिणी का गठन करते हुए व्यापार मंडल हित में काम करेंगे। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि बिना भेदभाव के संगठन को मजबूत करने का प्रयास करें। उनका कहना था कि सभी का सहयोग मिला तो एक आदर्श स्थापित करने की कोशिश होगी।