पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के न्यू मार्केट के समीप सोमवार की सुबह हुई चाकूबाजी की घटना में शामिल आरोपी युवक को मंगलवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी मंगलवार को पिपरी थाने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह चंदेल ने दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह न्यू मार्केट निवासी नबीहल हसन उर्फ नवाब ने अजय पांडेय पर चाकू से हमला किया था। उसे पुलिस ने मंगलवार की सुबह रिहंद डैम के पास पुल के बगल स्थित पहाड़ी के समीप से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी शादी आजमगढ़ निवासी एक युवती के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी से किसी कारण विवाद होने के बाद वह अपने मायके चली गई और वापस नहीं आई। उसे शक था कि इसके पीछे अजय का हाथ है। इस वजह से वह डिप्रेशन में चल रहा था और अजय पांडेय पर हमला कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर डोंगिया नाला के पास झाड़ी में छिपा कर रखा गया चाकू भी बरामद कर लिया।