दुद्धी। युवक मंगल दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में नशा मुक्ति व कोविड जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसंख्या नियंत्रण, बाल विवाह के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में कलाकार मंडली बभनी से आये कलाकारों ने नाटक मंचन, गायन व कठपुतली नृत्य के जरिए ग्रामीणों को जागरूक किया। झांकी के जरिए ग्रामीणों ने कोविड की गंभीरता को बताया। युवक मंगल दल के अध्यक्ष त्रिभुवन यादव और पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपने कर्तव्यों व दायित्वों को भी बताया। मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नशाखोरी परिवार सहित समाज को पतन की ओर अग्रसर करता है। आज से ही इसका परित्याग करें। कोविड से बचने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखें और सदैव मॉस्क का प्रयोग करें। कही भी कुछ खाने से पहले हाथ धोकर खाएं। समाज में शिक्षा पर बढ़ावा दें, अपने बच्चों को पढ़ाएं लिखाएं। बाल विवाह अपराध है। इस कुरीति को समाज को बचाएं। इस मौके पर युवक मंगल दल के देवराज सिंह, अखिलेश कुशवाहा, प्रांजल सिंह, त्रिभुवन यादव , उमाशंकर, अरविंद जैसवार, सुमित्रा सिंह, हीरावती मौजूद रहें।