सोनभद्र। नगर पालिका परिषद कार्यालय सभागार में बृहस्पतिवार को संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को ग्राम स्वराज्य समिति ने अपना समर्थन दिया।
इससे पहले गैर सरकारी संगठन ग्राम स्वराज्य समिति के निदेशक महेशानंद भाई ने कार्यक्रम में लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के लिए संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज्य समिति बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम कर रहे 250 से भी ज्यादा गैरसरकारी संगठनों के गठबंधन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है। बताया कि ग्राम स्वराज्य समिति ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग, कानूनी हस्तक्षेप से वर्ष 2023-24 में जिले में 550 बाल विवाह रुकवाए हैं। उन्होंने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की ओर से शुरू किए गए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का समर्थन किया। कहा कि यह अभियान विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। कार्यक्रम में बाल विवाह पीड़िता ने समाज के लोगों से बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए आगे जाने की अपील की। इस मौके पर संगठन के लोग उपस्थित रहे।