तहसील अधिवक्ता समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारी शपथ ग्रहण करते। स्रोत जागरूक पाठक
तहसील अधिवक्ता समिति घोरावल की नई कार्यकारिणी का गठन सभी पदों पर एकल नामांकन के चलते निर्विरोध हो गया। शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एल्डर कमेटी के चेयरमैन राम किंकर पाठक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई और कार्यभार सौंपा।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू हुई थी। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, आपत्तियों के निस्तारण और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए और किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी रहने के कारण कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ।
अध्यक्ष पद पर मदन गोपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामनारायण मिश्र, महासचिव अनंत प्रसाद मिश्र और कोषाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर राम विजय पाठक तथा संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर ज्योति गुप्ता का निर्वाचन हुआ।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष मदन गोपाल सिंह ने कहा कि शीघ्र ही समिति की बैठक कर विचार-विमर्श के बाद शेष पदों पर मनोनयन किया जाएगा। इस दौरान राजबहादुर सिंह, प्रयागदास, समिति के पूर्व अध्यक्ष इनामुल हक अंसारी, रामअनुजधर द्विवेदी, गोविंद नारायण झा, सौरभ त्रिपाठी, राजीव सिंह, हरिप्रकाश वर्मा, दी घोरावल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।