सोनभद्र। अवैध खनन, परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए डीएम ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। पुलिस, परिवहन और खनन से जुड़े अफसरों को नियमित निरीक्षण करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया कि म्योरपुर में लगे चेकगेट का संचालन ठीक ढंग से नहीं हो रहा है। इस पर डीएम ने एम चेक गेट के संचालक से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। कहाकि इसकी पुनरावृत्ति होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिल्पी घोरावल मार्ग से अवैध ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। संबंधित थानाध्यक्ष, एआरटीओ व खनन विभाग की टीम संयुक्त रूप से ओवरलोडिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए औचक जांच करे। वन क्षेत्र में भी अवैध खनन व अवैध पेड़ों की कटाई से संबंधित शिकायतों की वन व पुलिस विभाग की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई करे। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। डीएम ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि जिन गाड़ियों से बालू, गिट्टी व अन्य सामग्रियों का परिवहन किया जाता है, उनमें फिक्स नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगे हों। अगर कोई गाड़ी बिना फिक्स नंबर प्लेट के प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। खनन पट्टा धारक जिन क्षेत्रों में खनन होता है और काफी गहरा गड्ढा हो जाता है तो वहां साइनेज बोर्ड जरूर लगाया जाए। बैठक में एसपी अशोक कुमार मीणा, एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, ज्येष्ठ खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह, एआरटीओ राजेश्वर यादव, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।