पन्नूगंज थाना क्षेत्र के लौआरी गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। चोर पांच कमरों का दरवाजा तोड़ कर 20 हजार नकद और सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात लौआरी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह सपरिवार अपने घर में सोए थे। अर्द्धरात्रि में चोर छत के ऊपर से आंगन में घुसे। गृह स्वामी समेत अन्य लोगों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने पांच कमरों का दरवाजा तोड़ दिया। एक कमरे में रखी आलमारी को खोल कर उसमें रखा 20 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी, दो चांदी के जेवरात चुरा लिया।
इस बीच गृह स्वामी की नींद खुल गई और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर चोर घर में रखी अटैची लेकर भाग निकले। रात में ही पीड़ित सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गृहस्वामी से पूछताछ कर चोरों की तलाश करने में जुट गई। एसओ का कहना है कि चोरों की खोजबीन की जा रही है।