सोनभद्र। जिला प्रशासन की तरफ से अभी तक आवश्यक वस्तुओं के अलावा किसी अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। सोमवार को भी लॉकडाउन के दौरान चिह्नित आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें खुलीं, जो उपभोक्ताओं की डिमांड पर होम डिलीवरी कर रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि जिला प्रशासन की अनुमति मिले बगैर लॉकडाउन में दुकानें नहीं खोली जाएंगी।
लॉकडाउन के एक महीने बीतने पर केंद्र सरकार ने हॉटस्पॉट और कन्टेंमेंट को छोड़कर बाकी इलाकों में सभी तरह की दुकानें खोलने की इजाजत दी है। सोमवार को सुबह 11.30 बजे जब राबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में दुकानों की पड़ताल की गई तो सिर्फ वहीं दुकानें खुली मिली, जिन्हे पूर्व में जिला प्रशासन की तरफ से अनुमति मिली है। राबर्ट्सगंज न्यू मार्केट में दो दुकानें खुली थी, जहां रमजान महीने के दौरान की आवश्यक वस्तुएं जैसे खजूर, सेंवई आदि बिक रही थीं। इसके अलावा अन्य प्रकार की दुकानें खोलने के संबंध में अभी जिला प्रशासन की तरफ से कोई आदेश नहीं मिला है। दुकानदार मुज्तबा, असलम राईन आदि का कहना है कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी की जा रही है। दुकान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक खुली रहती हैं। बाजार में अन्य स्थानों पर खुली परचून, दवा और सब्जी की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग मेटेंन करते हुए उपभोक्ता खरीदारी करते देख गए। महामारी से बचने के लिए दुकानदार के साथ ही उपभोक्ता मास्क लगाए थे। दुकानदारों का कहना है जो व्यक्ति मास्क पहनकर या रुमाल से मुंह ढककर नहीं आता है, उसको सामान देने से मना कर दिया जाता है।