करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के ग्राम जोगनी लोढ़ौता में बृहस्पतिवार शाम ट्रांसफार्मर चढ़ाने के दौरान करंट की चपेट में आए संविदा विद्युत कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार के साथ ही गांव में मातम पसरा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को शाम लगभग 6.30 बजे काशी चौहान के घर के पास संविदा विद्युत कर्मी संतोष पुत्र चिंता धरिकार (40) निवासी बिसहार, अन्य संविदा कर्मी डमरू व राजेश के साथ ट्रांसफार्मर चढ़ाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो जाने से खंभे पर चढ़ा संतोष करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद अन्य विद्युत कर्मियों व ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे जिला चिकित्सालय सोनभद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें; Swami Avimukteshwaranand: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- हाईकोर्ट पर भरोसा, सच्च सामने आएगा और मिलेगी जमानत
थाना क्षेत्र के बिसहार गांव में संविदा लाइनमैन की मौत की खबर मिलते ही मातम पसर गया। बताया गया कि संतोष की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार में दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं, जिनमें एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। वह संविदा पर विसरेखी उपकेंद्र में लाइनमैन का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्रधान पति संतोष सोनकर ने बताया कि संतोष की वाराणसी में मृत्यु हो गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। शव गांव पहुंचने के बाद विभागीय कार्रवाई व मुआवजे की मांग की जाएगी।